क्लर्क सुसाइड मामला : पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने के विरोध में ज्ञापन सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। खोल थाना क्षेत्र के गांव बवाना गुर्जर में 28 जून को बैंक क्लर्क की आत्महत्या करने के मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। खोल थाना क्षेत्र के गांव बवाना गुर्जर में 28 जून को मनेठी बैंक में क्लर्क के पद पर कार्यरत शेर सिंह ने आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट में मनेठी बैंक के शाखा प्रबंधक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर शाखा प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। सोमवार को डीएसपी को सौंपे ज्ञापन में बताया गया है कि घटना के करीब पांच दिन बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस द्वारा ना बैंक से सीसीटीवी फुटेज लिए हैं, ना ही बैंक कर्मियों से पूछताछ की गई है। ज्ञापन में बताया कि मामले में उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि दोषी को सजा मिल सके। इस अवसर पर मृतक की पत्नी कौशल्या देवी, सरपंच अभय सिंह, बीरसिंह, धनराज, पूर्व सरपंच रामपाल व शेर सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।