28 लाख के धान से भरा ट्रक लूट ले गए बदमाश, चालक लापता
अमर उजाला ब्यूरो
राई/सोनीपत। जीटी रोड पर बहालगढ़ के पास स्थित राइस मिल के सामने से चार बदमाश खुद को फाइनेंस कंपनी के कारिंदे बताकर धान से भरा ट्रक लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद से ट्रक चालक का भी कोई सुराग नहीं है। उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है। ट्रक मालिक ने चालक के अपहरण का भी आरोप लगाया है। राई थाना पुलिस ने ट्रक मालिक की शिकायत पर लूट व अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ट्रक चालक का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही लुटेरों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
करनाल के सेक्टर-8 निवासी मनोज कुमार ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह चावल का व्यापार करता है। उसने अपना ट्रक ले रखा है। जिस पर निसिंग, करनाल निवासी विक्की चालक है। मनोज कुमार ने बताया कि उसने रविवार को करनाल की निसिंग आरजी एग्रो मिल से 40 टन धान खरीदा था। धान की कीमत करीब 28 लाख रुपये है। उसका चालक विक्की धान को ट्रक में भरकर सोनीपत के बहालगढ़ स्थित एलटी फूड्स के लिए चला था। मनोज कुमार का आरोप है कि सोमवार सुबह उसके चालक विक्की ने फोन कर कहा कि वह एलटी फूड्स के बाहर खड़ा था। इसी दौरान चार युवक उसके पास आए और कह रहे कि ट्रक की लोन की किस्त जमा नहीं कराई गई है। वह गाड़ी को जबरन ले जाना चाहते हैं। युवक खुद को हिंदुजा फाइनेंस कंपनी, करनाल के एजेंट बता रहे हैं। इसके बाद उसके चालक का मोबाइल फोन भी बंद हो गया। जिस पर वह तुरंत बहालगढ़ स्थित राइस मिल के बाहर पहुंचा। वहां पर उसका चालक व ट्रक किसी का भी सुराग नहीं लग सका। उसके चालक से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। मनोज ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। उसने आरोप लगाया कि बदमाश उसके ट्रक को लूट ले गए और उसके चालक का भी अपहरण कर ले गए हैं। जिस पर पुलिस ने लूट व अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
जमा कराई हुई हैं लोन की सभी किस्त
ट्रक मालिक मनोज ने पुलिस को बताया कि उसने ट्रक को वर्ष 2017 में सुखविंद्र सिंह से 23 लाख रुपये में खरीदा था। उस पर 16 लाख रुपये लोन था और उसने सात लाख रुपये सुखविंद्र को नकद दिए थे। बाद में उसने ट्रक की सभी किस्त भी जमा करा दी हैं। अब उसकी गाड़ी पर कोई लोन की राशि बकाया नहीं हैं।
फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में पहुंची पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के लिए फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में भी गए थे। वहां भी ट्रक की किस्त बकाया होने व उसे उठाकर लाने के लिए किसी को भेजने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। ट्रक चालक का भी कोई सुराग नहीं है। उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---
फाइनेंस कंपनी के कारिंदे बताकर 28 लाख रुपये के धान से भरे ट्रक को लूटने की शिकायत मिली थी। साथ ही आरोप है कि ट्रक चालक का भी अपहरण कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रक मालिक के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
-कप्तान सिंह, जांच अधिकारी, थाना राई।