फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस से कुचलकर बाइक सवार की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव कर लगाया जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

गोहाना।
सोनीपत मार्ग पर खरखौदा मोड़ के पास निजी बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस पर पथराव कर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे तक गोहाना-सोनीपत और गोहाना-खरखौदा मार्ग को जाम रखा। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस के अधिकारी टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में मार्केट कमेटी गोहाना के चेयरमैन नत्था सिंह सैनी ने पीड़ित परिवार को उनकी मांग पूरा करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर, युवक के भतीजे की वीरवार को शादी है जिससे युवक की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
खरखौदा मोड़ के साथ लगते गांव नगर का रहने वाला साहिब उर्फ सन्नी (23) बुधवार को बाइक पर सवार होकर खरखौदा की तरफ से अपने गांव आ रहा था। खरखौदा मोड़ पर सोनीपत की तरफ से आ रही एक निजी बस ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में साहिब की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक-परिचालक मौके से फरार हो गए। साथ ही बस की सवारियां भी नीचे उतर गई। घटना का पता लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस पर पथराव शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मौके पर ही सड़क के बीच साहिब का शव रखकर सोनीपत और खरखौदा मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग करने लगे। साथ ही आरोपी बस चालक को भी जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। सूचना मिलने पर डीएसपी राजीव देशवाल, शहर थाना एसएचओ कुलदीप देशवाल, बरोदा थाना एसएचओ वीरभान सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से उनकी मांगें पूरी कराने की मांग की। अधिकारियों ने नियमों के अनुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जिस पर ग्रामीणों ने जाम खोलने से मना कर दिया। इसके बाद मार्केट कमेटी गोहाना के चेयरमैन नत्था सिंह सैनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को पीड़ित परिवार के एक सदस्य को डीसी रेट पर नौकरी दिलाने और नियम के अनुसार सरकारी सहायता कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
विज्ञापन

डेढ़ घंटे जाम में फंसे रहे यात्री
ग्रामीणों द्वारा करीब डेढ़ घंटे तक गोहाना-सोनीपत मार्ग व गोहाना-खरखौदा मार्ग जाम रखा। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने सोनीपत व खरखौदा की तरफ से आने वाले वाहनों को गोहाना-रोहतक हाईवे के बाईपास से गुजारा। गोहाना की तरफ से जाने वाले वाहन चालकों को भी बाईपास से होकर अपने गंतव्य की तरफ जाना पड़ा।
कई बार की जा चुकी ब्रेकर बनाने की मांग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यहां आए दिन हादसे होते हैं। ग्रामीण हादसों से बचने के लिए यहां कई बार ब्रेकर बनाने की मांग की चुके हैं। उसके बाद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हो सकी। उन्होंने इस दिशा में भी ठोस कदम उठाने की मांग की।
विज्ञापन

शादी की खुशियां मातम में बदली
बुधवार को हादसे का शिकार साहिब के परिवार में उसके भतीजे की शादी थी। वीरवार को बारात जानी है। इससे परिवार में खुशियां छाई हुई थी। सुबह के समय साहिब की मौत होने से खुशियों की जगह मातम पसर गया।
वर्जन
निजी बस की चपेट में आनेे से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। जल्द ही बस चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-राजीव देशवाल, डीएसपी गोहाना।

बस से कुचलकर बाइक सवार की मौत, ग्रामीणों ने पथराव कर लगाया जाम
-गोहाना-सोनीपत और गोहाना-खरखौदा मार्गों को डेढ़ घंटे तक रखा जाम
-मार्केट कमेटी के चेयरमैन के आश्वासन पर जाम खोला
-मृतक के भतीजे की शादी की खुशियां मातम में बदली
फोटो : 23 : हादसे में युवक की मौत के बाद विलाप करते परिजना।
फोटो : 24 : हादसे में युवक की मौत के बाद जाम लगाकर रोष जताते ग्रामीण।
फोटो : 25 : हादसे में युवक की मौत के बाद जाम लगाकर रोष जताते ग्रामीणों को समझाते डीएसपी राजीव देशवाल।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें