अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। प्रेम विवाह करने वाले एक युवक ने पत्नी के परिजनों के खिलाफ उन पर हमला करने का आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायत दी है। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी के मायका पक्ष से आए करीब 15-20 लोगों ने उनके साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव दोदवा निवासी नरेश ने पुलिस को बताया कि उसने गांव की युवती चांदनी से कोर्ट मैरिज की है। जिसके चलते चांदी के परिवार के लोग उसे लगातार धमकी दे रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के परिजनों ने शादी से नाराज होकर उन दोनों पर हमला कर दिया। वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचे। अब पीड़ित ने एसपी को शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसपी के निर्देश पर थाना शहर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।