अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। गांव ठसका के खेतों में कार सवार युवकों ने गांव रुखी के युवक से रिवाल्वर और उसके दोस्त से सोने की चेन छीन ली। आरोपियों ने परमेश के सिर में शराब की बोतल मार कर उसे घायल कर दिया गया। परमेश की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव रुखी निवासी परमेश गांव के ही दोस्त जय कंवार और अपने रिश्तेदार गांव निलौठी निवासी प्रवीण के साथ कार में सवार होकर गांव ठसका की तरफ गए थे। तीनों ठसका के खेतों में बैठे हुए थे। इसी दौरान दूसरी कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और वहां बैठ कर शराब पीने लगे। कुछ समय बाद युवक परमेश और उसके दोस्त के पास पहुंचे और झगड़ा करने लगे। परमेश का आरोप है कि उन युवकों ने उसके सिर में शराब की बोतल मारी और उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर छीन ले गए। युवक जय कंवार की चेन भी छीन ले गए। परमेश को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने परमेश की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।