अमर उजाला ब्यूरो
राई। बहालगढ़ के पास एक महिला चिकित्सक की कार पर काला तेल डालकर बैग उड़ा लिया। बैग में 85 हजार रुपये की नकदी और आभूषण थे। महिला चिकित्सक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
नवल अस्पताल, कुंडली निवासी महिला चिकित्सक मीरा ने बताया कि वह निजी स्कूल में भी कार्यरत है। वह स्कूल से शुक्रवार को छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी। जब वह बहालगढ़ के पास पहुंची तो एक व्यक्ति ने उसे बताया कि उसकी गाड़ी से तेल टपक रहा है। जिस पर उसने सरकारी स्कूल के पास कार को रोक दिया। वह नीचे उतरी तो बोनट के पास काला ताला डाला गया था। जब वह गाड़ी से उतरकर देख रही तो इसी दौरान दो युवक सुंदर और सुरेंद्र आए तो उन्होंने उसे चेताया कि इस तरह तेल बोनट पर डालकर कार के अंदर से सामान उड़ा लिया जाता है। जिस पर उसने कार की खिड़की खोलकर देखी तो उसका पर्स गायब मिला। उसे समझते देर न लगी कि उसे भी झांसे में लेकर उसकी कार से बैग उड़ाया गया है। डा.मीरा ने बताया कि उनके बैग में रखे छोटे बैग में सोने की चेन, कानों की बालियां, सोने के कुछ टुकड़े, 85 हजार रुपये की नकदी, एक एटीएम, एक अन्य कार्ड व कागजात तथा सामान था। जिसे चोर उड़ा ले गया। महिला ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ चौकी पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
महिला चिकित्सक ने कार पर काला तेल डालने के बाद उनकी कार के अंदर से बैग चोरी किए जाने की शिकायत दी है। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
सुरेश कुमार, चौकी प्रभारी, बहालगढ़।