बस के पायदान पर लटक यात्रा कर रहे दो छात्र घायल
अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत। शहर के सुभाष चौक के पास बस के पायदान पर लटक कर यात्रा कर रहे दो छात्र सड़क किनारे खड़ी जीप से टकरा गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। छात्रों के चीखने की आवाज सुनकर चालक ने बस को रोक दिया। घायल छात्रों का सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बिचपड़ी निवासी दीपक व बड़ौत निवासी जयभगवान राठधाना रोड स्थित आईटीआई में कोर्स कर रहे हैं। दोनों सोमवार सुबह आईटीआई में जाने के लिए रोहतक की तरफ जा रही बस में सवार होकर जा रहे थे। दोनों बस की पायदान पर खड़े थे। बस शहर के सुभाष चौक के नजदीक पहुंची तो वह सड़क किनारे खड़ी जीप से टकरा गए। बस से नीचे गिरने से दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।