दहेज हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली। प्याऊ मनियारी में रहने वाली महिला की दहेज के लिए हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया। महिला को फंदे पर लटकाकर मारने क आरोप है।
विदित रहे कि मूलरूप से बिहार के जिला अररिया के गांव कराची निवासी पप्पू ने 15 मार्च को पुलिस को बताया था कि वह फिलहाल दिल्ली के सुलतानपुरी इलाके में रहता है। उसने अपनी बेटी अंजलि की शादी वर्ष 2016 में मूलरूप से यूपी के जिला फरूखाबाद के गांव नीमकोरी फिलहाल प्याऊ मनियारी निवासी विपिन के साथ की थी। शादी के बाद से ही उसकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था। कुछ दिन पहले उसने एक लाख रुपये भी दिए थे। उसकी बेटी को फिर भी प्रताड़ित किया जाता रहा। अब उसे बताया गया कि उसकी बेटी ने फंदा लगा लिया है। बेटी के पति व देवर ने उसकी बेटी को फंदे पर लटकाकर मार दिया है और बाद में नरेला के निजी अस्पताल में ले गए। पुलिस ने पप्पू के बयान पर पति विपिन व देवर सचिन के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए एसआई सतबीर सिंह की टीम ने आरोपी विपिन को प्याऊ मनियारी से गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।