फेसबुक पर सुसाइड नोट डालकर युवक ने जहर खाया, मोबाइल लोकेशन से ढूंढकर अस्पताल पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। मुरथल थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने फेसबुक पर सुसाइड नोट डालकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। फेसबुक पर अपलोड सुसाइड नोट देखकर उसके साथियों ने समय रहते उसका पता कर उसे निजी अस्पताल पहुंचा दिया। जिसके चलते उसकी जान बच गई। युवक ने सुसाइड नोट में अपने रिश्तेदारों के साथ ही अन्य पर झूठे केस दर्ज करवाने व उसकी एवज में रुपये ऐंठने के आरोप लगाए हैं। वहीं जब पुलिस को सुसाइड नोट अपलोड होने की सूचना मिली तो उसने उसका मोबाइल नंबर पता करके लोकेशन से ढूंढा और पुलिस भी अस्पताल में पहुंची। फिलहाल पुलिस युवक के ठीक होने का इंतजार कर रही है। उसके बाद युवक के बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को फेसबुक पर एक युवक ने सुसाइड नोट अपलोड कर दिया। उसमें युवक ने लिखा है कि उसके रिश्तेदार बार-बार उसके परिवार को झूठे केस में फंसा रहे हैं। उसके पिता व उस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया गया। जिसके बाद उनसे 30 लाख से ज्यादा की रकम ऐंठ ली गई। रिश्तेदारों के साथ अन्य परिचित भी हैं। जिनकी संख्या 15 बताई है। सभी उन्हें साजिश के तहत फंसा रहे हैं। युवक का आरोप है कि दिसंबर 2015 में उनके खिलाफ एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी। बाद में समझौते के एवज में मुरथल थाना में तीन लाख चेक व 7 लाख रुपये नकद ले लिए। इसके बाद भी झूठी शिकायत वापस नहीं ली। आरोपी उनसे सात लाख रुपये और ले गए। इसके बाद भी रुपये की मांग होती रही। मना करने पर मई 2016 में दोबारा महिला थाना में शिकायत दे दी। जिसके उसके पिता व उसे हवालात में जाना पड़ा। बाद में रिश्तेदारों ने 15 लाख रुपये और लेकर कोर्ट में अपने बयान बदल दिए। उसके अन्य परिजनों ने भी बयान बदल दिए। युवक ने सुसाइड नोट में लिखा है अब उनके परिवार से फिर से रुपये की मांग की जा रही है। जिसके चलते वह तंग आकर अपनी जान देने जा रहा है।
अब बेइज्जती और सहन नहीं होती
युवक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि अब ये बेइज्जती और सहन नहीं हो रही है। जिसके चलते ही वह यह कदम उठा रहा है। उसने लिखा है कि बार-बार प्रताड़ित किया गया है। युवक ने प्रशासन व सरकार से मदद की गुहार लगाते हुए न्याय दिलाने की बात भी लिखी है।
सुसाइड नोट अपलोड होने की सूचना पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
जब फेसबुक पर सुसाइड नोट अपलोड होने की सूचना पुलिस के पास पहुंची तो पुलिस शहर के अस्पतालों में युवक की तलाश करती रही। बाद में उसके मोबाइल की लोकेशन का पता लगाया गया। जिसके बाद पता लगा कि युवक शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। युवक की स्थिति सामान्य मिली। पुलिस उसके बयान दर्ज नहीं कर सकी है। पुलिस का कहना है कि उसके बयान के बाद कार्रवाई की जाएगी।
युवक के फेसबुक पर सुसाइड नोट अपलोड कर जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना मिली थी। फिलहाल युवक के स्वस्थ होने का इंतजार किया जा रहा है। युवक के बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अजय धनखड़, थाना प्रभारी, मुरथल।