अमर उजाला ब्यूरो,
गन्नौर।
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में घुसकर चोर आठ डाई मशीन व छह बिजली की मोटर चोरी कर ले गए। फैक्ट्री संचालक ने मामले की सूचना बड़ी औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी में दी। शिकायत के बाद पुलिस ने मौका मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है।
फैक्टरी संचालक दिल्ली के पीतमपुरा निवासी जगदीप सिंह चड्ढा ने बताया कि उसकी बड़ी औद्योगिक क्षेत्र के प्लाट न. 411 में नोवटेक इंटरनेशनल के नाम से फैक्टरी है। जिसमें दूध से क्रीम निकालने की मशीन बनाई जाती हैं। 17 नवंबर की रात काम पूरा होने के बाद फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारी घर चले गए। सुबह उसकी फैक्टरी के एक कर्मचारी ने बताया कि प्रथम तल पर ही बने स्टोर का ताला टूटा हुआ है। सूचना पाकर जगदीप सिंह मौके पर पहुंचे और स्टोर में रखे सामान की जांच की। स्टोर से आठ डाई मशीन व छह बिजली की डिब्बा बंद मोटर गायब मिली।
सीसीटीवी में कैद हुए चोर
चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर सीसीटीवी मे कैद हो गए। सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक दिख रहे हैं। जगदीप चड्ढा ने बताया कि चोर चोरी किए गए सामान के साथ फैक्टरी से निकलते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकलवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।