सफियाबाद के पास पत्थर से कुचलकर युवक की कुचलकर हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली/सोनीपत। गांव सफियाबाद के पास युवक की मुंह कुचलकर हत्या कर दी गई। युवक की हत्या की सूचना के बाद कुंडली व दिल्ली की नरेला थाना पुलिस मौके पर पहुुंची। जांच में घटनास्थल दिल्ली में मिला। इसके बाद नरेला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस ने फिलहाल युवक के पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव सफियाबाद का रहने वाला कर्ण उर्फ सागर (28) नरेला में काम करता था। वह मंगलवार शाम को घर पर था। इसी दौरान उसके पिता ने घर आकर बताया कि नरेला की सब्जी मंडी में एक युवक ने उसके साथ हाथापाई की है। इसके बाद युवक मंडी में जाने की बात कहकर घर से निकल गया। वह रातभर घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से आश्रम वाली गली में कर्ण का शव पड़ा देखा। उसका चेहरा बुरी तरह से कुचला गया था। उसके चेहरे पर पत्थर से हमला किया गया था। ग्रामीणों ने परिजनों को अवगत कराया। जिस पर कुंडली थाना पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि घटनास्थल नरेला थाना क्षेत्र में है। जिस पर नरेला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। नरेला थाना पुलिस ने युवक के पिता के बयान पर फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
गांव में दहशत का माहौल
गांव में जब लोगों को पता लगा कि कर्ण की पत्थर से चेहरा कुचलकर हत्या की गई तो लोगों की भीड़ वहां जुट गई। सड़क के किनारे ही खून बिखरा हुआ था। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना था कि गांव के पास ही युवक की हत्या कर हमलावर फरार हो गए।
दो माह पहले हुई थी शादी
कर्ण की शादी दो माह पहले ही हुई थी। अभी उसकी पत्नी की हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके मांग का सिंदूर उजड़ गया। घटना के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
युवक की हत्या की सूचना मिली थी। जांच में पता लगा कि घटनास्थल नरेला थाना क्षेत्र का है। नरेला थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। नरेला पुलिस जांच कर रही है।
- ईश्वर सिंह, चौकी प्रभारी बारोटा।