ट्रांसफार्मर पर फाल्ट ठीक करते समय करंट लगने से लाइनमैन की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत: गांव फाजिलपुर स्थित पावर हाउस में लाइन ब्रेक डाउन की सूचना पाकर ट्रांसफार्मर के तारों की मरम्मत करने पहुंचे बिजली निगम के लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। आरोप है कि क्रॉसिंग कर रही दो अलग-अलग फीडरों की लाइन आपस में टकराने से करंट आया है। जिस फीडर पर लाइनमैन काम कर रहा था उसकी बिजली आपूर्ति बंद थी जबकि दूसरे फीडर के तारों में बिजली प्रवाहित हो रही थी। बिजली के तार भी घटना स्थल से कई किलोमीटर दूर बहालगढ़ में टकराए थे। परिजनों ने मौत का कारण बिजली निगम के अधिकारियों की लापरवाही बताया है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से उत्तराखंड के जिला टिहरी गढ़वाल के गांव भैंगा निवासी सुखेंद्र (47) बिजली निगम में लाइनमैन के पद पर नियुक्त थे। सुखेंद्र मुरथल सब डिवीजन में तैनात थे। वह फिलहाल फाजिलपुर पावर हाउस के क्वार्टर में परिवार सहित रह रहे थे। शनिवार सुबह के समय सुखेंद्र के पास ब्रेक डाउन होने का फोन आया था। शिकायत के बाद वह दिल्ली रोड स्थित सिद्धार्थ कालोनी के सामने 220 केवी लाइन पर मरम्मत के लिए चले गए। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि सुखेंद्र को करंट लग गया है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आसपास के लोग व बिजली निगम के कर्मी उसे नीचे उतार रहे थे। करंट लगने से लाइनमैन करीब 20 मिनट तक बिजली तारों पर ही लटकता रहा। जब अस्पताल ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
---
बिजली कर्मी के परिजनों व साथियों ने बिजली निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उसके बेटे का आरोप है कि निगम के किसी कर्मी की लापरवाही से उसके पिता की जान गई है। फिलहाल अज्ञात निगम कर्मी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
- मंदीप सिंह, जांच अधिकारी, थाना सदर।