अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर।
गांव राजलू गढ़ी में घर में घुसकर पिस्तौल दिखाकर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गांव राजलुगढ़ी निवासी नरेंद्र उर्फ पोपे व कृष्ण हैं। पुलिस ने इस मामले में एक दिन पहले कुलदीप को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। पुलिस ने कुलदीप के घर से वारदात में प्रयुक्त तमंचा व बाइक को बरामद कर लिया है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बता दें कि गांव राजलूगढ़ी निवासी सुनीता ने 13 नवंबर को बताया था कि 12 नवंबर की रात उसका पति सतीश व सास सरोज घर पर थे। इसी दौरान गांव का कुलदीप दो अन्य लोगों के साथ उनके घर में घुस आया था। कुलदीप ने पिस्तौल दिखाकर उनसे 1 लाख रुपये की मांग की थी। साथ ही जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने सुनीता की शिकायत पर आरोपी कुलदीप व दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर था। मामले में राजलूगढ़ी चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार की टीम ने कुलदीप को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान उसके घर से वारदात में प्रयुक्त तमंचा व बाइक को बरामद किया गया। वहीं पुलिस ने अब मामले में नरेंद्र व कृष्ण को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।