गोहाना। गांव भंडेरी में संचालित एक स्कूल के फर्जी कागजात तैयार कर नाम बदलने का मामला सामने आया है। स्कूल समिति के सदस्यों ने रोहतक के गांव आसन कलां के रोहित कुमार पर नाम बदलने और बच्चों से फीस की वसूली करने का आरोप लगाया है। रोहित ने समिति के स्कूल को किराए पर लिया था। आरोप है कि रोहित ने किसी स्टाफ सदस्य को नियम अनुसार वेतन भी नहीं दिया। समिति के एक सदस्य की शिकायत पर बरोदा थाना में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीण शिक्षा समिति गोहाना गांव भंडेरी में 2003-04 से सीआर के नाम से स्कूल चला रही है। समिति ने 4 जून, 2018 को गांव आसन कलां के रोहित कुमार से लिखित समझौता करके नियम अनुसार स्कूल चलाने के लिए किराए पर दिया था। समिति के सदस्य गांव सिवानका निवासी संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि रोहित ने स्कूल में नियम अनुसार काम न करके लाखों रुपये का गबन कर लिया। आरोप है कि रोहित ने समिति के बिना प्रस्ताव पास किए और अनुमति के बिना सीआर स्कूल का नाम बदल कर वेव ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल रख लिया। इसी स्कूल के नाम से फर्जी रसीद बुक व रिपोर्ट कार्ड छपवा कर बच्चों के दाखिलों पर लगभग 30 लाख रुपये वसूल लिए। यह पैसे स्कूल के खाते में जमा न करवा कर रोहित ने स्वयं हड़प लिए। उन्होंने बताया कि स्कूल हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त है लेकिन नाम बदलने के बाद रोहित ने स्कूल से सीबीएसई से मान्यता प्राप्त बता कर अभिभावकों व बच्चों को गुमराह किया। समिति से जो समझौता हुआ था उसके अनुसार किराया भी नहीं दिया। नियमानुसार किसी स्टाफ सदस्य को वेतन का भुगतान भी नहीं किया। रोहित ने समिति के नाम पर फर्जी इकरारनामा बनवाकर किसी तीसरे आदमी को किराए पर दे दिया। स्कूल की बसों का इस्तेमाल बिना बीमा करवाए करवाया गया और किस्त भी जमा नहीं करवाई गई। संदीप की शिकायत पर बरोदा थाना पुलिस ने रोहित कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।