राई। गांव खेवड़ा में शराब कारोबारी नरेंद्र की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपी झज्जर के गांव खेड़ी खुमार का रहने वाला कुलदीप उर्फ कल्लू व झज्जर के हरि पुरा मोहल्ला के विनय उर्फ बिरला को झज्जर जेल से लाकर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस उनके साथियों को पहले ही प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ कर चुकी है।
विदित रहे कि गांव खेवड़ा निवासी नरेंद्र (32) की 14 मार्च को गांव के अड्डे पर स्थित दादा सर्विस स्टेशन पर गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी गई थी। शराब कारोबारी को करीब 32 गोली मारी गई थीं। हत्या में उसके मौसेरे भाई सूरज के साथ ही कुख्यात राजू बसौदी व अक्षय पलड़ा का नाम आया था। मामले में दिल्ली पलिस ने मुठभेड़ के बाद रोहतक के गांव गढ़ निवासी विकास उर्फ विक्की को 15 मार्च की रात को गिरफ्तार किया था। विक्की ने बताया था कि वह राजू बसौदी गैंग का शार्प-शूटर है और उसने ही अपने साथियों के साथ मिलकर शराब कारोबारी की हत्या की थी। बाद में मामले षड्यंत्र के आरोपी सूरज को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने मामले में झज्जर के रवि व सचिन को पुलिस ने 31 मई को प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। जब रवि ने पुलिस को बताया था कि उसके साथ कुलदीप उर्फ कल्लू व विनय उर्फ बिरला भी थे। जिस पर अब एसआई शमशेर सिंह ने दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
कई मामलों में नामजद है दोनों आरोपी
आरोपी कुलदीप उर्फ कल्लू व विनय उर्फ बिरला पर कई मामले दर्ज है।
-शराब ठेकेदार नरेंद्र की खेवड़ा में 14 मार्च को साथियों के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या की।
-10 मार्च 2019 को झज्जर निवासी धर्मेंद्र गुलिया उर्फ केके की हत्या का आरोप।
-झज्जर में इनेलो नेता सतीश देशवाल की हत्या का आरोप।
-6 फरवरी को आईटीआई बहादुरगढ़ के पास मांडौठी हाल बहादुरगढ़ निवासी अजय उर्फ डंका की हत्या का आरोप।
-हथियारों के बल पर 2 अप्रैल को यमुनानगर शहर एरिया के एक मकान से लूटपाट का आरोप।
-विनय उर्फ बिरला की बहन के ससुराल गांव मतलौडा जिला पानीपत में 3 मार्च 2019 को लाखों रुपये की लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
-मुलाना जिला अंबाला के एरिया से हथियारों के बल पर 31 मार्च को स्विफ्ट डिजायर कार लूटी। इस कार का प्रयोग शराब कारोबार नरेंद्र हत्याकांड, इनेलो नेता एवं झज्जर निवासी होटल संचालक सतीश देशवाल, यमुनानगर शहर में लूटपाट और मतलौडा में लूटपाट में किया।
गांव खेवड़ा में शराब का कारोबारी की हत्या के आरोपियों को झज्जर में सीआईए-1 ने गिरफ्तार किया था। दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
अनिल छिल्लर, थाना प्रभारी, राई।