गोहाना। सदर थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर माजरा में एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने बेटे के ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव सिकंदरपुर माजरा निवासी महाबीर प्रसाद ने शिकायत देते हुए बताया कि उसके बेटे संदीप व प्रदीप की शादी रोहतक जिले के मकड़ोली गांव की सगी बहन निशा व रेणु के साथ एक साल पहले हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही दोनों बेटों व उनकी पत्नियों के बीच विवाद होने लगा था। प्रदीप गोहाना में प्राइवेट नौकरी करता था, जिसे उसका ससुर शमशेर व सास राजवंती धमकी देते थे और उसकी पत्नी निशा को उसका भाई अंकित घर लेकर चला गया। महाबीर ने पत्नी को लेकर जाने के साथ ही धमकी के बारे में बेटे प्रदीप को बताया तो उसने ड्यूटी से घर आते ही जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन प्रदीप को उपचार के लिए गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक प्रदीप के ससुर शमशेर, सास राजवंती, साला अंकित और भाभी रेणु के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।