सोनीपत। शहर के वेस्ट रामनगर की गली नंबर आठ में हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर के घर को निशाना बनाकर चोर नकदी, आभूषण व कागजात ले गए। इंस्पेक्टर फिलहाल पानीपत में नियुक्त हैं और पानीपत पुलिस लाइन क्वार्टर में ही रहते हैं। उनके घर में रह रहे माता-पिता भी उनसे मिलने पानीपत गए थे। तभी चोरों ने उनके घर को निशाना बना डाला। सिटी थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
वेस्ट रामनगर निवासी सुमेर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा दीपक हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर है और फिलहाल पानीपत पुलिस क्वार्टर में रहता है। वह भी अपनी पत्नी के साथ रविवार को पानीपत गए थे। इसी दौरान चोर ताला तोड़कर उनके घर में घुस गए। मंगलवार सुबह पड़ोस में रह रहा उनका दूसरा बेटा संजय जब घर की तरफ आया तो मकान के ताले टूटे मिले। संजय ने मामले से उन्हें अवगत कराया। जिस पर सुमेर वापस आए और सिटी थाना पुलिस को अवगत कराया। सुमेर ने बताया कि जांच करने पर पता लगा कि चोर उनके घर से 30 हजार रुपये, सोने की 2 गिन्नी, सोने की अंगूठी, कानों की बालियां, कानों के टॉप्स, दो चांदी के मंदिर, चांदी का डिनर सेट, तीन घड़ियां, बैंक एटीएम कार्ड और कागजात चोरी कर ले गए। सिटी थाना पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वेस्ट रामनगर स्थित घर में चोरी की शिकायत मिली है। जिस पर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द चोरों का पता लगा कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राकेश कुमार, जांच अधिकारी, सिटी सोनीपत।