सोनीपत। सदर थाना के गांव की रहने वाली 13 वर्षीय लड़की के साथ एक साल तक दुष्कर्म करने के आरोपी उसके पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। लड़की ने बताया कि विरोध करने पर उसका पिता उसकी बुरी तरह पिटाई करता था।
विदित रहे कि वीरवार को 13 साल की बच्ची ने महिला हेल्पलाइन पर फोन कर बताया था कि उसका पिता उसके साथ गलत काम करता है। सूचना के बाद महिला थाना पुलिस गांव में पहुंची थी और बच्ची से बातचीत कर उसे थाने में ले आई थी। बच्ची ने पुलिस को बताया था कि उसका पिता उसके साथ एक साल से गलत काम कर रहा था। स्कूल में महिला पुलिस टीम ने गुड टच व बैड टच के बारे में छात्राओं को जानकारी दी थी। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर भी दिया था। जिस पर लड़की ने महिला पुलिस को उसके साथ हो रही ज्यादती से अवगत कराया था। लड़की ने बताया कि उसके विरोध करने पर उसका पिता उसकी पिटाई करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई उषा की टीम ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बच्ची ने महिला पुलिस को बताया है कि उसका पिता उसके साथ जबरदस्ती करने से पहले उसे जबरन अश्लील वीडियो दिखाता था। उसके मना करने पर पिटाई करता था। आरोपी उसे अकेला पाकर उसके साथ गलत काम करता था।
13 साल की लड़की से दुष्कर्म करने के आरोपी उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे अदालत के निर्देश पर जेल भेज दिया गया।
-उषा, एएसआई जांच अधिकारी महिला थाना।