अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव मोहाना के अड्डे पर स्थित मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर चोर लाखों के मोबाइल चोरी कर ले गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। मोहाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव मोहाना निवासी नीरज ने बताया कि उसने गांव के अड्डे पर जांगड़ा कम्यूनिकेशन के नाम से मोबाइल की दुकान खोल रखी है। उसने बताया कि मंगलवार रात को चोरों ने उसकी दुकान का ताला तोड़ दिया और अंदर से विभिन्न कंपनियों के 22 मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। सुबह जब उसे ताला टूटे होने की जानकारी मिली तो वह दुकान पर पहुंची। उसने मामले से मोहाना थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
मामले के जांच अधिकारी सुनील ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।