अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
बारोटा-सबौली मार्ग पर आईटीबीपी के जवान व उसकी पत्नी से बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर नकदी व दो मोबाइल लूट लिए। बदमाशों ने जवान की पत्नी के आभूषण भी उतरवा लिए और जवान के सिर में पिस्तौल की बट मारकर फरार हो गए। आईटीबीपी के जवान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दिल्ली के बवाना निवासी आईटीबीपी का जवान अजय पत्नी सविता के साथ उसके मायके गढ़ी बिंदरौली आया था। वह दो जून की दोपहर गाड़ी से पत्नी को लेकर घर लौट रहा था। अचानक पत्नी की तबीयत खराब होने पर उसने बारोटा-सबौली रोड पर सड़क किनारे गाड़ी रोक ली। इस दौरान बाइक पर आए तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर अजय से दो मोबाइल व करीब एक हजार रुपये की नकदी छीन ली। इसके अलावा अजय की पत्नी सविता के कानों की बालियां, सोने की चेन व अन्य आभूषण भी उतरवा लिए। इसके बाद बदमाश अजय के सिर में पिस्तौल की बट मारकर फरार हो गए। जवान ने मामले की शिकायत कुंडली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।