अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद भी किसानों को एचएसआईआईडीसी बड़ी के लिए अधिग्रहित जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया। जिससे गुस्साए पांच गांवों के किसानों ने एचएसआईआईडीसी कार्यालय में प्रदर्शन किया। इसमें राजलू गढ़ी, लल्हेड़ी कलां, लल्हेड़ी खुर्द, गन्नौर व गढ़ी केसरी के सैकड़ों किसान शामिल रहे। इसकी सूचना मिलते ही एचएसआईआईडीसी बड़ी के एजीएम ऋषि चौहान प्रदर्शन कर रहे किसानों से मिले और उन्होंने किसानों की समस्या के समाधान के लिए एक सप्ताह तक का समय मांगा। जिस पर किसान शांत हुए और उन्होंने प्रशासन को चेताया कि निश्चित समय पर उन्हें मुआवजा नहीं मिला तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
किसानों ने बताया कि वर्ष 2007 में एचएसआईआईडीसी ने पांच गांवों के किसानों की भूमि अधिग्रहण की थी। उस समय किसानों को केवल 30 लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया था। जिसे लेकर किसान हाईकोर्ट की शरण में गए थे। जिस पर सुनवाई करते हुए उनकी जमीन का मुआवजा बढ़ा कर 60 लाख कर दिया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा नही मिला। इस दौरान अरूण त्यागी, मेहरसिंह, राजेंद्र, बलवान, रामधन मलिक, सुरेश मलिक, सुंदर, सुभाष, अरूण, मौजीराम, शिव कुमार, अशोक, विपिन आदि मौजूद रहे।
मुआवजा नहीं मिलने पर 5 गांवो के किसानों ने किया प्रदर्शन
- 2007 में एचएसआईआईडीसी बड़ी के लिए अधिगृहित की गई थी भूमि
- एचएसआईआईडीसी बड़ी ने किसानों से मांगा एक सप्ताह का समय
फोटो 11- एचएसआईआईडीसी बड़ी में प्रदर्शन करते पांच गांवो के किसान।