सड़क हादसों में चार लोगों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। नहरों के बीच से निकल रही सड़क पर रोहट पुल के पास वैन व बाइक में टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक टक्कर लगने के बाद घायल हालत में नहर में गिर गया। इनके अलावा बाइक पर सवार एक अन्य युवक व वैन का चालक भी घायल हो गए। इन सभी को राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उनको महिला मेडिकल कालेज खानपुर रेफर किया गया। वहीं नहर में गिरने वाले युवक की तलाश शुरू की गई, जिसका शव पांच किमी दूर नाहरा गांव के पास मिला। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए और बाइक सवार तीसरे घायल के बयान पर वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
ककरोई गांव के रहने वाले रवि (24), विक्की (25) व रविंद्र काफी समय से राठधाना रोड स्थित प्राइवेट यूनिवर्सिटी में चतुर्थ श्रेणी कर्मी थे। वह यूनिवर्सिटी में रात को ड्यूटी करने के बाद मंगलवार सुबह बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे। वह नहरों के बीच वाली सड़क पर रोहट पुल से आगे पहुंचे तो वैन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार रवि, रविंद्र व वैन चालक राकेश को घायल होने पर लोगों ने नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि बाइक सवार विक्की टक्कर लगने के बाद घायल हालत में नहर में जा गिरा। अस्पताल में चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया और रविंद्र व राकेश को मेडिकल कालेज खानपुर कलां रेफर किया गया। इनके अलावा नहर में गिरे विक्की की तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका शव घटनास्थल से पांच किमी दूर नाहरा गांव के पास मिला। वहां एक राहगीर ने शव बहता हुआ देखकर पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने शव को निकलवाया। पुलिस दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को शव सौंप दिए। वहीं बाइक सवार घायल रविंद्र की शिकायत पर वैन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
---
वैन व बाइक की टक्कर होने की सूचना मिली थी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। हादसे में घायल दो का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। घायल रविंद्र के बयान पर वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुभाष, जांच अधिकारी।
दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत
राई। अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया। एक शव की शनाख्त नहीं पाई है। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कत्था कालोनी बहालगढ़ निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि वह अपने साथी सीतामढ़ी बिहार निवासी बद्रीनाथ के साथ सोमवार शाम को कंपनी जा रहा था। जब वह दोनों सड़क पार करने लगे, तभी एक ईको वैन ने बद्रीप्रसाद को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। बद्रीप्रसाद को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मुरथल जीटी रोड पर कार की टक्कर से अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पिपलीखेड़ा निवासी सुनील की शिकायत पर केस दर्ज किया। मृतक की शनाख्त करने का प्रयास पुलिस कर रही है।