गाड़ी सवार हमलावरों ने शराब ठेकेदार और उसके साथी को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। गांव सिसाना निवासी शराब ठेकेदार ने गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों पर उसके और उसके साथी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। बाद में हमलावर उन्हें धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
गांव सिसाना निवासी रणदीप ने पुलिस को बताया कि वह गांव में ही शराब का ठेका चलाता है। मंगलवार की शाम को वह अपने एक साथी के साथ शराब के ठेके के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान सिलाना गांव निवासी दो व्यक्ति अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ गाड़ी में सवार होकर आए और उसके साथ लड़ाई झगड़ा करना शुरू कर दिया। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही आरोपियों ने उन्हें पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। साथ ही धमकी दी कि उनकी शराब की दुकान नहीं चलने देंगे। झगड़े का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। रणदीप की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।