फेसबुक पर दोस्ती कर छात्रा को घर से बाहर बुला किया अपहरण, शिमला के होटल में गैंगरेप
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। नाबालिग छात्रा से फेसबुक पर दोस्ती करके घर से बाहर बुलाकर अपहरण कर लिया गया और शिमला के होटल में ले जाकर गैंगरेप किया गया। छात्रा के गायब होने पर परिजनों ने सेक्टर-15 चौकी में अपहरण का मामला दर्ज कराया। जिसका पता चलने पर तीनों आरोपी छात्रा को पंजाब के जिरकपुर में छोड़कर फरार हो गए। छात्रा वहां अपने परिचितों के पास पहुंची और परिजनों को अवगत कराया। इसके बाद परिजन उसे लेकर घर पहुंचे। पुलिस ने छात्रा के बयान पर करनाल के घरौंडा के रहने वाले तीन युवकों के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को सोमवार देर शाम घरौंडा से गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी पढ़ाई छोड़ चुके हैं और घर पर ही रह रहे है।
शहर निवासी एक व्यक्ति ने रविवार को सेक्टर-15 चौकी में अपनी 16 साल की बेटी का अपहरण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। आसपास के सीसीटीवी चेक करने पर पता लगा था कि लड़की को कार सवार युवक लेकर गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच सोमवार सुबह परिजनों को पता लगा कि लड़की जिरकपुर में अपने परिचितों के पास है। वहां से परिजन उसे लेकर घर पहुंचे। यहां आने के बाद लड़की ने पुलिस को बताया कि करनाल के घरौंडा निवासी हिमांशु के साथ उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। जिसके बाद उनकी बातचीत होने लगी। छात्रा ने बताया कि शनिवार रात करीब डेढ़ बजे हिमांशु कार लेकर उनके घर के बाहर आया था। उसने उसे फोन कर बातचीत करने को घर से बाहर बुला लिया और साथ ही बाहर नहीं आने पर उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी थी। बाहर आने के बाद उसने उसे कार में बैठा लिया। कार में दो अन्य युवक कमल व प्रमोद भी सवार थे। वह उसे जबरन कार में अपहरण कर शिमला ले गए। शिमला के एक होटल में तीनों ने उसके साथ गैंगरेप किया। बाद में जब वह वापस आने लगे तो उसने तीनों युवकों को कहा कि उसके परिजनों ने पुलिस को शिकायत दे दी है। जिसके बाद उन्होंने उसे जिरकपुर के पास उतार दिया और फरार हो गए। वहां से वह किसी तरह अपने परिचित के पास पहुंची। जहां से परिजनों को अवगत कराया। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट में भी केस कर दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
---
फेसबुक पर दोस्ती के बाद छात्रा को बहकाकर घर से बाहर बुलाने के बाद अपहरण करने व गैंगरेप करने की शिकायत मिली है। मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश देकर उन्हें सोमवार देर शाम को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी घरौंडा निवासी हिमांशु, कमल व प्रमोद है। तीनों पढ़ाई छोड़ चुके हैं और फिलहाल घर पर रहते हैं।
- रमेश चंद्र, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत।