अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
इंडियन कॉलोनी निवासी युवक को अगवा कर मारपीट करने व उसे छोड़ने के एवज में गाड़ी व 25 हजार रुपये मांगने का मामला प्रकाश में आया है। युवक को खेत में दो दिन तक बंधक बना कर रखा गया। बाद में मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इंडियन कॉलोनी निवासी अमित गाड़ी चलाता है। उसकी पहचान गांव बसौदी निवासी मोनू, मुकेश, नीटू, गांव पलड़ी निवासी नवीन, बिलासपुर निवासी अशोक के साथ हो गई। अमित के पिता बिजेंद्र ने राई थाना पुलिस को बताया है कि बसौदी निवासी मोनू ने 17 मई को उसके बेटे अमित को फोन कर ट्रक यूनियन में बुलाया था। जहां से वह उसे किसी काम का बहाना बनाकर बसौदी ले गया। वहां खेत में बने कमरे में उसे बंधक बना लिया गया। इतना ही नहीं उसके साथ मारपीट की गई। बाद में आरोपी उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर उसे बिलासपुर निवासी अशोक के घर ले गए। वहां भी एक रात बंधक बनाकर रखा गया और पीटा गया। बेटे के घर न आने पर जब उन्होंने मोनू से संपर्क किया तो आरोपियों ने बेटे अमित को छोड़ने के एवज में गाड़ी उनके नाम करने व 25 हजार रुपये की मांग कर दी। जब बिजेंद्र ने पुलिस को शिकायत देने की बात कही तो आरोपियों ने अमित को छोड़ दिया। अमित घर पर आया तो उसकी हालत गंभीर थी, जिस पर परिवार वालों ने उसे अस्पताल में दाखिल कराया। गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे रोहतक रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि तीन बार सूचना देने के बाद भी पुलिस बयान लेने नहीं आई। बाद में पुलिस टीम पहुंची और बयान पर दर्ज कर लिए। पुलिस ने पांचों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया जांच के बाद सच्चाई को उजागर किया जाएगा।