फर्जी मामले में फंसाने का डर दिखाकर मांगे थे साढ़े तीन लाख, एएसआई लाइनहाजिर
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
गोहाना सदर थाना में नियुक्त एएसआई पर गोहाना के युवक ने फर्जी मामले में फंसाने का डर दिखाकर साढ़े तीन लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। युवक ने मामले की शिकायत एसपी को दी है। इस पर संज्ञान लेते हुए एसपी ने एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही मामले की जांच डीएसपी डिटेक्टिव ताहिर हुसैन को सौंपी है।
गोहाना निवासी मुकेश सैनी ने एसपी सतेंद्र गुप्ता को दी शिकायत में बताया कि कई माह पहले गोहाना सिटी थाना पुलिस ने किसी मामले में उसे पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके बाद उसके साथ वहां अभद्रता की गई। जिसके चलते उसकी हरिओम नाम के एएसआई से कहासुनी हो गई थी। इसी की रंजिश को लेकर एएसआई उसे परेशान करने लगा। वह कुछ समय से उस पर साढ़े तीन लाख रुपये देने का दबाव बना रहा था। एएसआई उसे फर्जी मामले में फंसाकर जेल में डालने का भय दिखा रहा था। जिस पर उसने तंग आकर मामले की शिकायत एसपी को दी। एसपी ने मामले में शिकायत मिलने के बाद एएसआइ को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी सतेंद्र गुप्ता का कहना है कि शिकायत मिली थी, जिस पर एएसआई को फिलहाल लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच डीएसपी डिटेक्टिव ताहिर हुसैन को सौंपी गई है। उनकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।