अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली। नाथूपुर स्थित एक कोल्ड स्टोर के मुंशी से चाकू की नोक पर बदमाश एक लाख 90 हजार रुपये लूट ले गए। मुंशी की शिकायत पर थाना कुंडली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
गांव नाथूपुर के पास स्थित सेवन स्टार कोल्ड स्टोर पर उत्तर प्रदेश के जिला उन्नाव के गांव लशगरपुर का ताराचंद मुंशी का काम करता है। शनिवार की रात काम खत्म होने बाद ताराचंद स्टोर के अंदर बने केबिन में सो रहा था। देर रात चार युवक केबिन में घुस आए और उसे चाकू दिखा कर जान से मारने की धमकी दी। युवकों ने उसके केबिन में घुसने के बाद कंबल ढक कर उसका मुंह दबा लिया और अलमारी में रखे एक लाख 90 हजार रुपये निकाल ले गए। वहीं, उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। वारदात को अंजाम देकर युवक मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद ताराचंद ने मामले की सूचना कोल्ड स्टोर मालिक को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर ताराचंद की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वर्जन
कोल्ड स्टोर के मुंशी ने चाकू दिखाकर नकदी व मोबाइल लूट की शिकायत दी है। जिस पर केस दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रवीन कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।