एमआरएफ के नकली ट्यूब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। पुलिस और एमआरएफ कंपनी के अधिकारियों ने सोमवार देर रात बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी कर एमआरएफ के नकली ट्यूब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस नेे फैक्ट्री से काफी मात्रा में नकली एमआरएफ ट्यूब बरामद की है। कंपनी के अधिकृत अधिकारी की शिकायत पर फैक्ट्री संचालक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सुनील बाबू ने बताया कि वह एमआरएफ कंपनी में बतौर कार्यालय प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। उन्हें सूचना मिली थी कि बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 स्थित 225 नंबर फैक्ट्री के संचालक चरणजीत सिंह उर्फ राजू एमआरएफ की नकली ट्यूब बना रहा है। जिस पर उन्होंने गन्नौर पुलिस की मदद से देर रात फैक्ट्री में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान उन्हें बड़ी संख्या में एमआरएफ के नकली ट्यूब मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने सुनील बाबू की शिकायत पर फैक्ट्री संचालक चरणजीत सिंह उर्फ राजू के खिलाफ थाना गन्नौर में मामला दर्ज कर लिया।
-वर्जन
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित 225 नंबर फैक्ट्री के संचालक चरणजीत सिंह उर्फ राजू एमआरएफ के नकली ट्यूब बनाता था। सूचना के बाद कंपनी के अधिकारियों के साथ देर रात फैक्ट्री में छापेमारी की गई तो मौके से काफी संख्या में नकली एमआरएफ के ट्यूब मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया और फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जल्द आरोपी फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-एसआई शमशेर सिंह, जांच अधिकारी