सौभाग्य योजना के तहत यूपी में लगाने भेजे 150 ट्रांसफार्मरों में निकला पानी, 40 लाख का तेल चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। राई औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर बनाकर उन्हें यूपी में सप्लाई करने वाली कंपनी के साथ षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी कर ट्रांसफार्मर से तेल निकालकर उसमें पानी भरकर सप्लाई करने का मामला सामने आया है। कंपनी से सप्लाई के लिए सौभाग्य योजना के तहत यूपी ले जाए गए करीब 150 ट्रांसफार्मरों से तेल निकालकर करीब 40 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है। पुलिस ने कंपनी के निदेशक के बयान पर ट्रांसफार्मर सप्लाई करने वाले चार ट्रकों के चालक, मालिक व ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विधाता ट्रांसफार्मर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक नितिन नरवाल ने राई थाना पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी ट्रांसफार्मर बनाने का काम करती है। कंपनी भारत सरकार की सौभाग्य योजना के तहत यूपी में ट्रांसफार्मर सप्लाई कर रही है। पूरी जांच के बाद ट्रांसफार्मर कामर्शियल गाड़ियों में लोड कर सभी दस्तावेजों के साथ भेजे जाते हैं। वह गाड़ियों को आजादपुर मंडी स्थित दुर्गा ट्रांसपोर्ट कंपनी के जरिए मंगवाते हैं। जिसके बाद उनमें ट्रासंफार्मर लोड कर यूपी के विभिन्न जिलों में भेजे गए थे। जहां से यूपी की ठेका कंपनी बजाज इलेक्ट्रीकल्स व अशोका बिल्डकॉन की तरफ से शिकायत मिली थी कि करीब 150 ट्रांसफार्मर मेें तेल की जगह पानी निकला है। उनकी शिकायत आने के बाद जांच कराई तो चार गाड़ियों के अंदर गए तेल में गड़बड़ी का पता लगा। जिस पर शक के आधार पर ट्रांसपोर्ट कंपनी, चार गाड़ियों के मालिक व उनके चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। कंपनी निदेशक का आरोप है कि इससे कंपनी को 40 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूपी के अलग-अलग शहरों में भेजे गए ट्रांसफार्मर
केंद्र सरकार की सौभाग्य योजना के तहत यूपी के बदायूं, बरेली, आंबेडकरनगर, कन्नौज, इटावा में ट्रांसफार्मर भेजे गए। इसमें बजाज इलेक्ट्रीकल्स लिमिटेड के स्टोर बदायूं, बरेली, आंबेडकरनगर तथा अशोक बिल्डकॉन के स्टोर कन्नौज व इटावा मेें ट्रांसफार्मर भेजे गए थे।
-----
ट्रांसफार्मर में तेल निकालकर पानी भरने की शिकायत मिली है। कंपनी के निदेशक के बयान पर ट्रांसपोर्ट कंपनी के साथ ट्रांसफार्मर सप्लाई को लेकर गए गाड़ी चालकों व मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच के बाद सच्चाई से पर्दा उठाया जाएगा।
कुलदीप देशवाल, थाना प्रभारी, राई।