अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत। पुलिस के लाखों दावों के बावजूद शिक्षण संस्थानों में चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। पहले सरकारी शिक्षण संस्थान चोरों का निशाना बनते थे, लेकिन अब तो निजी शिक्षण संस्थानों में भी वारदात होने लगी है। चोरों ने अब वैंकटेश्वर कॉलेज आफ एजूकेशन को निशाना बनाकर लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिय। कॉलेज प्रबंधन की तरफ से मामले की शिकायत मुरथल थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव राजपुर स्थित वैंकेटेश्वर कॉलेज आफ एजूकेशन के सचिव अतुल गोयल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात चोरों ने कॉलेज में सेंध लगा दी। चोरों ने ताले तोड़कर लाखों का सामान उड़ा लिया। चोरी की सूचना उन्हें चौकीदार नरेश ने दी। मौके पर पहुंच कर जांच की तो देखा कि चोर कॉलेज से 11 एलईडी व चार सीपीयू तथा पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। उन्होंने अपने स्तर पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। फिर मामले की सूचना मुरथल थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन
वैंकटेश्वर कॉलेज में चोरी की शिकायत मिली है। जिस पर मामला दर्ज कर लिया है। चोरों का पता लगाया जा रहा है। जिससे जल्द घटना का पटाक्षेप किया जा सके।
फूल कंवार, थाना प्रभारी मुरथल।