निलंबित सरपंच के साथी को एक दिन के रिमांड पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा/सोनीपत। गांव पिपली के हत्यारोपी सरपंच को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी को पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी पर युवक की हत्या के षड्यंत्र में शामिल रहने का भी आरोप लगा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
विदित रहे कि गांव पिपली निवासी दलजीत ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके भतीजे आशीष की 24 जून को गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह अपने भतीजे के साथ गांव कुंडल स्थित जिम में गया था। इसी दौरान गांव के सरपंच रामनिवास ने अपने दो साथियों के साथ आकर उसके भतीजे को गोली मार दी थी। आरोप है कि गांव के एक युवक ने सरपंच की आरटीआई लगा रखी है। जिसके चलते ही सरपंच ने कई युवकों को धमकी दे रखी है। इसी के चलते 12 जून को गांव के रामअवतार को गोली मारी गई थी। बाद में आशीष का मर्डर कर दिया गया। उसके बाद से गांव में पुलिस बल तैनात करने के साथ ही नौ टीम आरोपी की तलाश में लगा रखी है। एसआईटी खरखौदा ने शनिवार को गांव बालंद निवासी मंजीत व रोहतक के रौनकपुरा निवासी मोनू को काबू किया था। उन पर रामनिवास को शरण देने का आरोप था। बाद में मंजीत पर हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप सामने आया। जिस पर उसे रविवार को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। सैदपुर चौकी प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है।