निजी कंपनी के एचआर मैनेजर से 59 हजार, मोबाइल और अंगूठी लूटी
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली/सोनीपत। कुंडली बार्डर से कार में लिफ्ट लेना सीआरपीएफ कर्मी के बेटे व एक निजी कंपनी के एचआर मैनेजर को भारी पड़ गया। कार में लिफ्ट देने के बाद चार बदमाशों ने उन्हें पिस्टल व चाकू के बल पर काबू कर पांच हजार की नकदी, सोने की अंगूठी व मोबाइल लूट लिया। साथ ही उनका एटीएम कार्ड छीनने के बाद पासवर्ड पूछकर खाते से 54 हजार रुपये भी निकल लिए। बाद में मैनेजर के हाथ पैर व आंखों पर पट्टी बांधकर नरेला दिल्ली के क्षेत्र में उतारकर फरार हो गए। पीड़ित ने परिजनों से संपर्क किया। जिस पर राई थाना पुलिस को शिकायत दी गई। बाद में जांच करने पर मामला अलीपुर दिल्ली थाना का मिला। राई थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच अलीपुर थाना को भेज दी है।
खेवड़ा स्थित सीआरपीएफ ग्रुप कैंप में कार्यरत कर्मी के बेटे व ग्रुप कैंप में रहने वाले चंद्रप्रकाश ने राई पुलिस को बताया कि वह दल्ली के राजेंद्र प्लेस क्षेत्र स्थित एक कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत है। चंद्रप्रकाश ने बताया कि वह शनिवार को कंपनी की छुट्टी के बाद घर लौट रहा था। रात को करीब आठ बजे उसने सिंघू बॉर्डर के पास से एक कार में लिफ्ट ली थी। कार में पहले से ही चार युवक सवार थे। कार में सवार होते ही उसने युवकों के हावभाव देखकर अनहोनी की आशंका सताने लगी थी। उसने बताया कि युवक कार को लेकर राई से आगे आ गए और 60 फुटा रोड पर राठधना की तरफ कार को मोड़ दिया। बाद में उन्होंने आगे जाकर उसे पिस्टल व चाकू के बल पर काबू कर लिया। उन्होंने उससे मारपीट कर उसकी जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही एटीएम कार्ड, सोने की अंगूठी व मोबाइल तथा अन्य कागजात भी छीन लिए। आरोपियों ने उससे एटीएम का पासवर्ड भी पूछ लिया। उन्होंने उसके हाथ पैर व आंख बांध दी। बाद में वह उसे कार में घूमाते रहे। बाद में नरेला स्थित मनसा देवी मंदिर के पास उतारकर फरार हो गए। उसने बंधनमुक्त होकर वहां काम कर रही लेबर की मदद से परिजनों को अवगत कराया। जिस पर परिजन उसे लेकर घर पहुंचे। मामले की शिकायत राई थाना पुलिस को दी गई। राई थाना पुलिस ने जांच की तो घटनास्थल अलीपुर थाना का मिला। जिस पर थाना में जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच को अलीपुर थाना में भेज दी गई।
तीन घंटे तक कार में घुमाते रहे बदमाश
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे गाड़ी के अंदर ही बंधक बना लिया था। उसके बाद वह करीब तीन घंटे तक उसे कार में ही घुमाते रहे। उसे हर समय अनहोनी की आशंका सता रही थी। रात को करीब 11 बजे वह उसे गाड़ी से उतारकर फरार हो गए।
एटीएम से निकाले 54 हजार
बदमाशों द्वारा उतारे जाने व परिजनों के आने के बाद जब रविवार को चंद्रप्रकाश ने बैंक खाता की जांच की तो उसके खाते से 54 हजार रुपये निकाले गए मिले। जिसकी शिकायत भी पुलिस को दी गई।
--
सीआरपीएफ कर्मी के बेटे व निजी कंपनी के मैनेजर ने लूटपाट की शिकायत दी थी। जांच में मामला अलीपुर थाना क्षेत्र का मिला। जिस पर जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच को अलीपुर थाना पुलिस को भेज दिया गया है।
एएसआई अमरदीप सिंह, थाना राई।