अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। शहर के पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से पैसे निकालने आई महिला का एटीएम कार्ड बदलकर 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत थाना गन्नौर पुलिस में दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर
कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत में बीएसटी कॉलोनी निवासी प्रतिभा ने बताया कि वह आरपीएस स्कूल में बतौर अध्यापिका कार्यरत है। कुछ दिन पहले वह रुपये निकलवाने के लिए पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम गई थी। एटीएम में एक युवक पहले से ही मौजूद था। प्रतिभा का आरोप है कि उस युवक ने एटीएम बदल कर उसके खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए। प्रतिभा की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।