शहर के जींद रोड पर नई अनाज मंडी के पास खाद-बीज भंडार के संचालक को चकमा देकर दो युवक एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। युवक कीटनाशक खरीदने के बहाने दुकान पर आया था। दुकानदार की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोरी का आरोपी एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में भागता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
शहर के आदर्श नगर के रहने वाले राजकुमार जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी के सामने खाद-बीज की दुकान चलाते हैं। सोमवार दोपहर को बाइक सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे। एक युवक दुकान के बाहर खड़ा हो गया और एक अंदर चला गया। युवक ने दुकानदार को दो हजार का नोट देते हुए एक कीटनाशक दवा देने को कहा। राजकुमार ने उसे दवा देने के साथ ही बकाया रुपये दे दिए। इसी बीच अंदर से दुकान पर काम करने वाले कारिंदे ने दुकानदार से बोरियों की सिलाई के लिए सुई देने को कहा। जिस पर दुकानदार अंदर सुई लेने के लिए चला गया। आरोप है कि इसी बीच युवक गल्ले से एक लाख रुपये की नकदी चोरी करके ले गया। उसने क्षेत्र मेें लगे सीसीटीवी देखे तो युवक फुटेज में उसकी दुकान से निकलकर तेजी से भागता दिखाई दे रहा है। राजकुमार ने इस संबंध में शहर थाना में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
दुकानदार राजकुमार ने उसकी दुकान से दो युवकों पर नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस युवकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- निर्मल सिंह, थाना प्रभारी शहर गोहाना।