व्यक्ति से एटीएम कार्ड का नंबर पूछकर खाते से 65 हजार रुपये उड़ाए
माई सिटी रिपोर्टर
राई। कुंडली के रहने वाले व्यक्ति से एटीएम कार्ड का नंबर पूछकर खाते से 65 हजार रुपये उड़ाने का मामला सामने आया है। व्यक्ति ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कुंडली निवासी सुंदर ने पुलिस को बताया कि एक माह पहले उसके पास एक फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए उससे एटीएम कार्ड का नंबर पूछा था। बाद में उसके पास मैसेज आया कि उसके कैनरा बैंक के खाते से 65 हजार रुपये निकाले गए है। उसने इसकी शिकायत बैंक कर्मियों को की। ठगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। कुंडली थाना पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी व चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर ठगों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।