राई (सोनीपत)। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में जूनियर छात्रों की फ्रेशर पार्टी में सीनियर छात्र के पहुंचने पर कहासुनी हो गई। सीनियर छात्र को बाहर भेजने से गुस्साएं उसके साथियों ने द्वितीय वर्ष के छात्र से मारपीट कर दी और उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। उसे सामान्य अस्पताल में लाया गया, जहां से उसे महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि छात्र के बयान पर कार्रवाई की जाएगी।
मुरथल विवि में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र हिमांशु पर बुधवार शाम को कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। उसकी पीठ व पेट पर चाकू से हमला किया गया। उसे सामान्य अस्पताल में लाया गया, जहां से खानपुर रेफर कर दिया। सामान्य अस्पताल में छात्र हिमांशु ने बताया कि बुधवार को जूनियर छात्रों की फ्रेशर पार्टी चल रही थी। जिसमें सीनियर छात्रों को आने से मना किया गया था। उसके बावजूद एक सीनियर छात्र पार्टी में आ गया। जिसे उन्होंने बाहर भेज दिया। जिस पर सीनियर का साथी छात्र आकर उनके साथ झगड़ा करने लगा। अन्य छात्रों के बीच बचाव के बाद वह बाहर चला गया। बाद में बाहर गए छात्र ने उसे फोन कर बाहर आने को कहा। जिस पर उसने मना कर दिया। इसी बीच वह सीनियर छात्र अन्य छात्रों और बाहर के कुछ अन्य युवकों को लेकर आ गया। उन्होंने आने के बाद झगड़ा शुरू कर दिया। इसी बीच बाहर से आए एक युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। बाद में वह फरार हो गए। उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
मुरथल विवि में छात्र को चाकू मारने की सूचना मिली है। जिस पर छात्र के बयान दर्ज किए जाएंगे। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-सुमित कुमार, थाना प्रभारी, मुरथल।