गन्नौर (सोनीपत)। जीटी रोड पर गांव पांची गुजरान के पास स्थित पेट्रोल पंप के प्रबंधक व कैशियर को गन प्वाइंट पर लेकर बाइक सवार तीन बदमाश 6.43 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। प्रबंधक ने मामले से पेट्रोल पंप मालिक को अवगत कराया। जिस पर पुलिस को सूचित किया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद पंप मालिक के बयान पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
गांव पांची गुजरान के पास स्थित भारत फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक रवींद्र व कैशियर जसबीर सोमवार सुबह 10 बजे कैश लेकर बैंक में जा रहे थे। उनके पास 6.43 लाख रुपये की नकदी थी। जिस वह बाइक पर लेकर गन्नौर स्थित एचडीएफसी बैंक में जमा करवाने के लिए निकले थे। जब वह बांय रोड पर पुलिया के पास पहुंचे तो तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनके सामने अपनी बाइक अड़ा दी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते बदमाशों ने पिस्तौल निकालकर उन पर तान दी। जिसके बाद वह रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। प्रबंधक ने मामले की सूचना पेट्रोल पंप मालिक विरेंद्र अहलावत को दी। उन्होंने तुरंत पुलिस को इस बारे में सूचित किया। सूचना के बाद थाना प्रभारी दिनेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लुटेरों की तलाश के लिए नाकाबंदी कर दी। लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। मामले की सूचना के बाद डीएसपी संदीप मलिक ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक विरेंद्र अहलावत के बयान पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
नजदीक के चक्कर में गांव के रास्ते से जाना पड़ा महंगा
पेट्रोल पंप के कारिंदे गन्नौर हाईवे से बैंक जाने के बजाय नजदीक के चक्कर में गांव के रास्ते से बैंक जा रहा था। जिसका फायदा उठाकर बदमाश नकदी लूटकर फरार हो गए। गांव बांय की तरफ से बैंक तक जाने का रास्ता नजदीक पड़ता है। इसी के चलते कर्मी इस मार्ग से कैश लेकर जा रहे थे।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, एक जगह दिखे संदिग्ध
पुलिस ने बदमाशों तक पहुंचने क लिए सीसीटीवी खंगालने में लगी है। एक सीसीटीवी में बाइक सवार तीन संदिग्ध दिखाई भी दे रहे हैं। जिसमें एक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए हैं। उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
सप्ताह भर पहले एक अन्य पेट्रोल पंप पर हुई वारदात
सप्ताह भर पहले जीटी रोड पर गन्नौर के पास भी जय भारत फिलिंग स्टेशन पर कार सवार युवक ढाई हजार का पेट्रोल डलवाने के बाद नोजल पंप सहित फरार हो गए थे। जिससे नोजल पाइप भी टूट गई थी।
पुलिस मामले में जल्द करे ठोस कार्रवाई
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रविंद्र खत्री ने पुलिस से मामले की जांच कर जल्द बदमाशों का पता लगाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे मामलों को लेकर पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही पेट्रोल पंपों के आसपास गश्त भी बढ़ानी चाहिए।
पेट्रोल पंप के प्रबंधक और कैशियर से नकदी लूटने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द बदमाशों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
दिनेश कुमार, थाना प्रभारी, गन्नौर।