गोहाना। सोनीपत रोड पर बेखौफ बदमाशों ने ढाई घंटे में छिनैती की दो वारदात को अंजाम दिया। रात 8:30 बजे सोनीपत रोड स्थित ट्रैक्टर एजेंसी के पास से बाइक सवार तीन युवक फल विक्रेता से 95 सौ रुपये छीनकर भाग गए। उसके ढाई घंटे बाद तीन युवकों ने ही रोहटा पार्क में चौकीदार से मोबाइल छीन लिया। दोनों वारदात में एक ही गिरोह के शामिल होने का अंदेशा है। सिटी थाना पुलिस मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
बिहार के जिला समस्तीपुर के गांव गढ़ी बिशनपुर फिलहाल गढ़ी सराय नामदार खां निवासी दिलीप शहर थाना पुलिस को बताया कि वह शहर में फल बेचते हैं। बुधवार को वह बाजार में फल बेचकर वापस घर जा रहे थे। जब वह करीब साढ़े आठ बजे सोनीपत रोड पर ट्रैक्टर एजेंसी के पास पहुंचे तो एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास आए। युवकों ने आते ही जबरदस्ती उनकी जेब से 9500 रुपये निकाल लिए और भाग गए। युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। उन्होंने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर देर रात मुकदमा दर्ज कराया।
वहीं गांव ईशापुर खेड़ी निवासी नसीब ने शहर थाना पुलिस को बताया कि वह रोहटा पार्क में चौकीदार हैं। रात को वह ड्यूटी पर थे। रात करीब 11 बजे तीन युवक पार्क में आए। एक युवक ने उनका हाथ पकड़ लिया और दो युवकों ने जबरन उनका मोबाइल छीन लिया। तीनों युवक मोबाइल लेकर मौके से भाग गए। पुलिस ने छीना झपटी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
शहर में दो जगह पर नकदी व मोबाइल छीनने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। उनका पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।-इंस्पेक्टर मोहन सिंह, प्रभारी, शहर थाना गोहाना