संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जन समस्याओं को लेकर एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम प्रवेश कादियान को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश सचिव अधिवक्ता सत्येंद्र गिरी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने गन्नौर रेलवे स्टेशन पर गीता जयंती एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को लाभ होगा। इसके अलावा छात्राओं के लिए सुबह के समय सोनीपत-पानीपत के लिए बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई।
ज्ञापन में पबनेरा से पीरगढ़ी और बलिंदा गढ़ी होते हुए यमुना बांध तक पक्की सड़क बनवाने, खादर क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने तथा जीटी रोड फ्लाईओवर के नीचे सार्वजनिक शौचालय बनवाने की मांग उठाई गई।
कार्यकर्ताओं ने गांवों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग करते हुए कहा कि बारिश होने पर ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, श्रमिकों को न्यूनतम वेतन और आठ घंटे का कार्य दिवस लागू करने की मांग की।
सीपीआई नेताओं ने ग्रामीण मजदूरों को रिहायशी प्लॉट और मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देने तथा गांवों में चौपाल निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को ग्रामीण और श्रमिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीरता से काम करना चाहिए।