राई (सोनीपत)। जीटी रोड स्थित पारकर रेजीडेंसी में किराए पर रह रहे पति-पत्नी संदिग्ध परिस्थिति में लापता हैं। दंपती ने लापता होने से एक दिन पहले 1 सितंबर को रिश्तेदारों के साथ अपनी शादी की सालगिरह मनाई थी। उसके अगले दिन उनको अंतिम बार देखा गया था। उसके बाद दोनों का कोई सुराग नहीं है। मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं। अब परिजनों की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जीटी रोड स्थित पारकर रेजीडेंसी में किराए के मकान में रह रहे रवि कुमार और उनकी पत्नी सीमा संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गए। रवि के भाई प्रीतम ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर को रवि और उनकी पत्नी सीमा की शादी की सालगिरह थी। जिस पर उन्होंने पार्टी रखी थी। जिसमें सभी परिजनों व जानकार शामिल हुए थे। उसके बाद 2 सितंबर को उन्होंने फ्लैट के मालिक को किराया सौंपा। लेकिन 2 सितंबर के बाद उनका कोई पता नहीं है और दोनों का मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन करने के बाद कोई पता नहीं लग पाया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी।