संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। शहर में दूषित पेयजल, बदहाल सफाई व्यवस्था और कूड़ा न उठने जैसी समस्याओं पर निगम पार्षदों ने रविवार को बाबा धाम स्थित सामुदायिक केंद्र में हुई बैठक में अधिकारियों और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पार्षदों ने बताया कि शहर के कई इलाकों से दूषित पेयजल की शिकायतें मिल रही हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। जेबीएम कंपनी द्वारा घर-घर से नियमित कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। कूड़ा संग्रहण के लिए पर्याप्त वाहनों, सहायकों और सफाई कर्मचारियों की कमी है। इसके कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
बैठक में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठी। पार्षदों ने कहा कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का बने रहना अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही पर सवाल उठाता है।
पार्षदों ने चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी पार्षद एकजुट होकर अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ संघर्ष करेंगे। वे उच्च स्तर पर कार्रवाई की मांग करेंगे। बैठक में निगम पार्षद जयकंवार खत्री, अनुराग जैन, राजकुमार शर्मा, मुकेश, त्रिभुवन कौशिक, राजेश मलिक और संजय ठेकेदार मौजूद रहे। जिला पार्षद संजय बड़वासनी और पार्षद प्रतिनिधि मुकेश सैनी, ब्रह्मप्रकाश राठी और लक्ष्मी नारायण भी उपस्थित थे।