सोनीपत में सीवरेज जाम और जलभराव की समस्या को लेकर पार्षदों और स्थानीय जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। भारी बारिश के बीच पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और जमकर प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना मिलते ही सोनीपत के विधायक निखिल मदान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए निगम आयुक्त हर्षित कुमार को मौके पर बुलाया और करीब आधे घंटे से बंद पड़े निगम का ताला खुलवाया।
लापरवाही पर विधायक सख्त, अधिकारियों को दी सीधी चेतावनी
ताला खुलवाने के बाद विधायक निखिल मदान ने नगर निगम आयुक्त, मेयर और प्रदर्शन कर रहे पार्षदों के साथ एक आपातकालीन बैठक की। बैठक में अधिकारियों और काम कर रही एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाते हुए विधायक ने साफ कहा कि आम जनता की मूलभूत समस्याओं और सीवरेज ब्लॉक जैसी दिक्कतों को लेकर अधिकारी या संबंधित एजेंसी किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। अगर जनता परेशान हुई, तो नियमों के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।