संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। नगरपालिका कार्यालय में अपनी मांगों को लेकर पार्षदों ने दूसरे दिन भी धरना दिया। यह धरना एक घंटे बाद खत्म हो गया लेकिन इस बीच का घटनाक्रम हंगामेदार रहा। पुलिस की मौजूदगी में पार्षदों ने नपा कार्यालय में कर्मचारियों के घुसने से रोक दिया। इस दौरान हुई धक्कामुक्की में महिला कर्मी ने एक पार्षद को थप्पड़ जड़ दिया।
इसके बाद कर्मचारी भी धरने पर बैठ गए जो कुछ देर बाद नपा सचिव के कहने पर काम पर लौट गए। नपा कार्यालय पहुंचे अध्यक्ष हीरा लाल इंदौरा के कहने पर पार्षदों ने धरना समाप्त कर दिया। पार्षदों ने विकास कार्य न होने, समस्याओं का समाधान न किए जाने जैसे कई आरोप लगाते हुए नगरपालिका कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया।
इसके बाद पार्षद धरने पर बैठ गए। पार्षदों ने मंगलवार को नौ बजे से नपा कर्मचारियों व अधिकारियों को बाहर ही रोक दिया। नपा सचिव ने इस दौरान पार्षदों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पार्षदों ने एकमत होकर कहा कि डीएमसी के आने पर ही धरना खत्म होगा।
इसकी सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और गेट खुलवाने का प्रयास किया गया। पार्षद जब इस पर राजी नहीं हुए तो महिला सफाई कर्मी को अंदर झाडू लगाने के लिए जाने देने की बात कही।
जैसे ही पार्षद ने ताला खोला तो पूरा स्टाफ ही कार्यालय के अंदर घुसने लगा। इसी बीच धक्कामुक्की हुई और पुलिस कर्मियों के बची-बचाव करने के दौरान ही एक महिला कर्मी ने एक पार्षद को थप्पड़ तक जड़ दिया।
वहीं, सफाई कर्मी ने कहा कि पार्षद पति यहां आकर धरना दे रहे हैं, वहीं हमें अंदर जाने से भी रोक रहे हैं। जिस पर पूरा स्टाफ अंदर जाने के बाद धरने पर बैठ गया, जिन्हें करीब 25 मिनट बाद नपा सचिव पंकज जून ने अपने काम पर लौटने को कह दिया। यह सूचना मिलने पर खरखौदा थाने से और पुलिस कर्मी भी नपा कार्यालय में बुला लिए गए।
दोबारा धरने पर आकर बैठे पार्षद
गहमागहमी के बीच धरना दे रहे पार्षद फिर से वापस धरने पर आकर बैठ गए और बोले कि उनकी सुनवाई करने की बजाए, स्टाफ के साथ ही भिडं़त करवाई जा रही है। इसी दौरान नपा अध्यक्ष हीरा लाल मौके पर पहुंचे और उन्होंने पार्षदों को समझाया कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था, जो भी समस्या थी बैठकर बात की जा सकती थी। अध्यक्ष ने कहा कि इस काम को करने से पहले कम से कम उन्हें तो विश्वास में लिया जाना चाहिए था, वह ऐसी नौबत नहीं आने देते। इसके बाद पार्षदों ने नपा अध्यक्ष हीरा लाल के कहने पर धरना खत्म किया और अंदर जाकर बैठक की। इसी दौरान एसीपी राजदीप मोर भी नपा कार्यालय पहुंचे, उन्होंने भी पार्षदों व नपा स्टाफ को समन्वय बनाकर शहर के विकास कार्य कराने की बात कही।
सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा
सरकारी काम में बाधा डालने, उकसा कर नपा कार्यालय के गेट पर ताला लगाने को लेकर शहर के वार्ड तीन के पार्षद नवीन दहिया पर मुकदमा दर्ज हुआ है। नपा सचिव की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। नपा कार्यालय में सोमवार को भी पार्षदों ने गेट पर ताला लगाकर पांच घंटे तक धरना दिया था।
-