सोनीपत। नगर निगम चुनाव की आहट के साथ सियासी पारा चढ़ रहा है। कांग्रेस ने अपनी बिसात बिछाने शुरू कर दी है। कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने एलान किया है कि पार्टी इस बार उम्मीदवारों का चयन पारदर्शी तरीके से करेगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के 22 वार्डों के लिए पार्षद पद के इच्छुक उम्मीदवार अपना बायोडाटा 5 फरवरी शाम 5 बजे तक कांग्रेस भवन में जमा करवा सकते हैं। इस बार केवल कागजी दावेदारी नहीं चलेगी बल्कि पार्टी की विशेष कमेटी हर उम्मीदवार का साक्षात्कार लेगी ताकि केवल कर्मठ और जिताऊ उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारा जाए।
मार्च 2025 के मेयर उपचुनाव में मिली हार से सबक लेते हुए पार्टी इस बार गुटबाजी को दरकिनार कर एकजुटता के साथ उतरने वाली है। सर्वे और जमीनी फीडबैक के आधार पर ही टिकटों का वितरण होगा। युवाओं और नए चेहरों को इस बार विशेष प्राथमिकता दी जा सकती है ताकि नगर निगम में एक नई और ऊर्जावान टीम खड़ी की जा सके।
हमारा लक्ष्य सोनीपत की जनता को एक ईमानदार और जवाबदेह नगर सरकार देना है। 5 फरवरी तक आने वाले आवेदनों की सूक्ष्मता से जांच होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को ही जंग में उतारा जाएगा। -कमल दिवान, शहरी जिला अध्यक्ष, कांग्रेस सोनीपत