सोनीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। यहां सोमवार को 10 कोरोना पॉजिटिव मिले, जिनमें सबसे ज्यादा तीन मनौली गांव में मिले हैं। इस तरह जिले में 1256 कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। यहां सोमवार को 51 मरीज ठीक होने से मेडिकल कालेज से छुट्टी दी गई। यहां 783 मरीज ठीक हो चुके हैं और 455 मरीजों का खानपुर कलां के मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है।
डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि यहां सोमवार को 10 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं और इनमें ज्यादा मामले ग्रामीण क्षेत्र में मिले हैं। इन संक्रमित मिलने वालों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। उनके अनुसार मनोली में 34 वर्षीय महिला, 30 वर्षीय महिला व 60 वर्षीय वृद्ध महिला कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। कमासपुर गांव में 40 वर्षीय महिला भी संक्रमित मिली है। डीसी के अनुसार बहालगढ़ में 31 वर्षीय युवक व 34 वर्षीय युवक, कुंडली में 27 वर्षीय युवक, सोनीपत की बतरा कालोनी में 52 वर्षीय बुजुर्ग, नंदवानी नगर में 40 वर्षीय युवक, 28 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।