सोनीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। यहां बुधवार को 9 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिनमें दंपती व उनका बेटे के अलावा बैंक कर्मी व अन्य शामिल हैं। इनमें अधिकतर दिल्ली के कारण कोरोना पॉजिटिव हुए हैं तो कई पहले से संक्रमित लोगों के संपर्क में आए हैं। जिले में 261 कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं, जिनमें से 159 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इस तरह 100 मरीजों का सामान्य हालत में उपचार चल रहा है।
डीसी श्यामलाल पूनिया के अनुसार जिले में बुधवार को 9 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें मोई हुड्डा गांव का 26 वर्षीय युवक व उसके माता-पिता शामिल हैं। यह सभी दिल्ली में रहते थे, जहां युवक बजाज फाइनेंस कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर कार्यरत हैं। लेकिन 1 जून को यह परिवार गांव में आया था। इसके बाद ग्रामीणों के कहने पर 2 जून को इन तीनों की जांच कराई गई, जिसके बाद इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। पिपली गांव 30 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है जो ट्रक पर हेल्पर है और यह 29 मई को गुजरात से आया था। यह वापस आते ही रोहतक पीजीआई में जांच कराने पहुंच गया, जहां अब इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। मूल रूप से यूपी व वर्तमान में ओमेक्स के ईडब्ल्यूएस में रहने वाला 25 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है जो टिफिन सप्लाई का काम कर रहा था। इसको कुछ दिन पहले चोट लग गई थी, यह नागरिक अस्पताल सोनीपत में गया था। यहां से रोहतक रेफर कर दिया गया था। रोहतक में ऑपरेशन से पहले 30 मई को सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। कालूपुर में संत कबीर आश्रम के पास रहने वाला 34 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है जो दिल्ली की खारी बावली स्थित मसाला मंडी में कार्यरत है। छतेहरा निवासी 41 वर्षीय व्यक्ति हलालपुर स्थित आंध्रा बैंक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत है और यह कोरोना पॉजिटिव मिला है। मूल रूप से यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला 30 वर्षीय युवक काफी समय से प्याऊ मनियारी में रहता है और एआरबी बैंरिंग फैक्टरी कुंडली में मशीन ऑपरेटर है। इस फैक्टरी में काफी कर्मी पॉजिटिव मिल चुके हैं और यह भी फैक्टरी में संक्रमित हुआ है। पबसरा की रहने वाली 25 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव मिली है। इसकी बहन दो दिन पहले ही पॉजिटिव मिली थीं।
--
डीसी ने नए कंटेनमेंट जोन घोषित किए
डीसी श्यामलाल पूनिया ने गांव जाखौली, जटवाड़ा, एचबीसी चावला कॉलोनी, फूफा की कॉलोनी राई, अशोक विहार, नाथूपुर, खिजरपुर अही, राजीव कॉलोनी, मनोज की कॉलोनी नाथूपुर, प्याऊ मनियारी, रायपुर, राठधना, शास्त्री कॉलोनी, खेड़ी गुज्जर, कथूरा को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया है। इन क्षेत्रों में पॉजिटिव केस मिलने के आसपास की जगहों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।