सोनीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। यहां चार कोरोना पॉजिटिव और मिले हैं, इसके बाद जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 24 हो गई है। रविवार रात मिली जांच रिपोर्ट में हरियाणा पुलिस का सिपाही व खुबडू गांव के रहने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही के संपर्क में आया उसका साथी भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। वहीं दिल्ली के बाबू जगजीवन राम अस्पताल की नर्स नंदवानी नगर की रहने वाली पॉजिटिव थी अब उसका पति और सास की रिपोर्ट भी सोमवार की रात पॉजिटिव आई है। हरियाणा पुलिस का सिपाही नूंह के हलालपुर गांव का रहने वाला है और ककरोई चौक नाके पर ड्यूटी दे रहा था। जिसके साथ ड्यूटी करने वाले 8 पुलिस कर्मी आइसोलेट किए गए हैं तो 34 अन्य पुलिस कर्मियों की जांच कराई गई है। जबकि खुबडू के दिल्ली पुलिस के सिपाही के संपर्क में आए 12 लोगों को आइसोलेट किया गया है। वहीं दोनों की रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल कॉलेज खानपुर में भर्ती कराया गया है।
नूंह के हलालपुर का रहने वाला सिपाही काफी समय से पुलिस लाइन सोनीपत में रहता था। उसकी ड्यूटी ककरोई चौक पर लगी थी। ड्यूटी देने वाले पुलिस कर्मियों की नियमित जांच कराई जा रही है। ऐसे ही सिपाही की नियमित जांच कराई गई थी, जिसमें उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। उसके कोरोना पॉजिटिव मिलते ही साथी 8 पुलिस कर्मियों को आइसोलेट कर दिया गया है, जिससे उनकी जांच कराई जा सके। इसके साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि सिपाही किसके संपर्क में आने से कोरोना संक्रमित हुआ है। वहीं खुबडू के रहने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही के कोरोना संक्रमित होने के बाद गांव के अन्य लोगों को आइसोलेट किया गया था, जिससे उनकी जांच कराई जा सके। खुबडू के सिपाही के संपर्क में आए एक साथी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। जिसके बाद उसके संपर्क में रहने वाले दो बच्चों व दो महिला समेत 12 को आइसोलेट किया गया है। इन दोनों को मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में भर्ती कराया गया है।
नागरिक अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संदीप लठवाल ने बताया कि बाबू जगजीवन राम अस्पताल में कार्यरत नंदवानी नगर की रहने वाले स्टाफ नर्स की रिपोर्ट दो दिन पहले कोरोना पॉजिटिव मिली थी। जिसके बाद उसके परिजनों को आइसोलेट कर दिया गया था और उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। डॉ. लठवाल के अनुसार अब उनकी जांच रिपोर्ट आई है, जिसमें स्टाफ नर्स के पति व सास भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन दोनों को मेडिकल कॉलेज खानपुर भर्ती करा दिया गया है। इसके अलावा यह पता लगाया जा रहा है कि इनके भी संपर्क में कितने लोग आए थे। जिससे उनको भी आइसोलेट किया जा सके और उनकी जांच कराई जा सके। इस तरह दो मामले आने पर सोनीपत में कोरोना पॉजिटिव 24 पर पहुंच गए हैं। यह सभी दिल्ली से जुड़े हुए हैं।
--
नागरिक अस्पताल में 34 पुलिस कर्मियों की कराई गई जांच
जिस तरह से ककरोई चौक नाके पर ड्यूटी देने वाला सिपाही कोरोना पॉजिटिव मिला है। उससे पुलिस की परेशानी बढ़ गई है। क्योंकि उस सिपाही के बारे में यह तक पता नहीं लग सका है कि वह किसके संपर्क में आने से कोरोना संक्रमित हुआ है। इस कारण ही सड़कों पर ड्यूटी देने वाले सभी पुलिस कर्मियों की जांच कराई जा रही है। इसके तहत ही सोमवार को 34 पुलिस कर्मियों को जांच के लिए नागरिक अस्पताल में भेजा गया। जहां उनकी बुखार, खांसी, जुकाम आदि की जांच की गई, जिसमें सभी पुलिस कर्मी ठीक मिले। इस तरह ही नियमित तौर पर अन्य पुलिस कर्मियों की जांच कराए जाने की बात कही जा रही है। वहीं अब इनको होम क्वारंटीन करके सैंपल जांच को भेजे हैं।
--
खुबडू में घर-घर जाकर जांच कर रही स्वास्थ्य विभाग की टीम
खुबडू में दिल्ली पुलिस के सिपाही के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उसका भाई, मां-बाप व एक अन्य युवक भी संक्रमित मिले हैं। जिसके बाद गांव को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। उसके साथ ही एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर जांच शुरू कर दी है। एसएमओ डॉ. टीना आनंद ने बताया कि खुबडू में घर-घर जाकर परिवार के सभी सदस्यों की जांच हो रही है। जिसमें उनका बुखार व अन्य सामान्य जांच की जा रही है। किसी को कोई परेशानी मिलती है तो उसका सैंपल लिया जाएगा।
--
संमालखा थाने में तैनात गन्नौर क्षेत्र के 11 पुलिस कर्मी के परिवार क्वारंटीन
खुबडू गांव के रहने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही की बहन भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। उसकी बहन भी हरियाणा पुलिस में एएसआई है। एसएमओ डॉ. टीना आनंद ने बताया कि गन्नौर क्षेत्र के 11 पुलिस कर्मियों के परिवारों को क्वारंटीन किया गया है। उनके अनुसार यह सभी पुलिस कर्मी संमालखा थाने में तैनात हैं, जहां दिल्ली पुलिस के जवान की एएसआई बहन तैनात बताई जा रही है। एसएमओ डॉ. टीना आनंद ने बताया कि फिलहाल परिजनों में किसी तरह के लक्षण नहीं दिखे हैं। यदि किसी में लक्षण मिलते हैं तो उनका सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी।
--
एक पुलिस कर्मी व दिल्ली पुलिस के सिपाही के संपर्क में आया व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। उन दोनों को मेडिकल कॉलेज खानपुर में भर्ती करा दिया गया है और उनके संपर्क में आने वालों को आइसोलेट किया गया है।
-डॉ. आदर्श शर्मा, पीएमओ, नागरिक अस्पताल।
नागरिक अस्पताल में जांच के पहुंचे पुलिस कर्मी- फोटो : Sonipat