सोनीपत। जिले में कोरोना संक्रमण जिस तेजी से फैला था, उसी तेजी से अब कम हो रहा है, लेकिन मौत का सिलसिला नहीं थम रहा है। जिले में रविवार को कोरोना से एक महिला समेत दो की मौत हुई है। इसमें गढ़ी केसरी की 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला व सोनीपत के सेक्टर 15 के 87 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हुई है। संक्रमण दर काफी नीचे पहुंच गई है तो रिकवरी रेट काफी ऊपर पहुंच गया है।
जिले में रविवार को 49 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यहां कोरोना पॉजिटिव की संख्या 47000 तक पहुंच गई है। रविवार को कोरोना संक्रमित से कई गुना ज्यादा 220 मरीजों के ठीक होने पर छुट्टी मिल गई है। इस तरह 46097 मरीज ठीक हो चुके हैं और 667 का इलाज चल रहा है। हालात यह है कि जितनी जांच की गई है, उनमें 2 प्रतिशत संक्रमित मिले है। जिससे जिले में रिकवरी रेट 98.6 प्रतिशत दर्ज किया गया है। जिले में अब तक कोरोना से 236 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। जिससे मृत्यु दर 0.49 प्रतिशत है। लोगों के स्वास्थ्य सुधार के लिए कोरोना संक्रमण से प्रभावित मरीजों को अस्पताल में इलाज मुहैया कराने के साथ-साथ होम आइसोलेशन में भी रखा जा रहा है।
कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना व सामाजिक दूरी जरूरी
डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि जिले में लगातार कोरोना के केस मिल रहे है। ऐसे में लोगों को खांसी, बुखार व सांस लेने में तकलीफ होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क करके जांच करानी चाहिए। इसके अलावा लक्षण वाले मरीज मास्क का उपयोग करें और लोगों से छह फीट की दूरी बनाए रखें। खांसी होने व छींकते समय टिश्यू व रुमाल का उपयोग करें। स्वयं उपचार करने की बजाय डॉक्टर की सलाह अवश्य लें। कोरोना महामारी को देखते हुए अभी भी सतर्कता बनाए रखने की जरूरत है। लापरवाही बरतने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। कोरोना नियमों की पालना करें। मास्क लगाकर रखे तो सामाजिक दूरी बनाकर रखे। यदि अपने आसपास कोई कोरोना संदिग्ध दिखे तो उसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर-1950 पर दी जा सकती है।
डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि जिले में कोविड टेस्टिंग की रफ्तार को बढ़ाया गया है। जिले में प्रतिदिन 5 हजार से अधिक लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे है। सभी गांवों में भी कोविड टेस्टिंग के लिए स्वास्थ्य टीमें लगी हुई हैं।