सोनीपत। जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कोरोना के नए मरीज मिलने से ज्यादा पुराने मरीज ठीक हो रहे हैं। हालांकि कोरोना संक्रमितों की मौत का सिलसिला भी अभी नहीं रुका है। यहां कोरोना से तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें गांव मोहाना गढ़ी की 55 वर्षीय महिला, सेक्टर-15 के 51 वर्षीय व्यक्ति व गन्नौर की 48 वर्षीय महिला शामिल है। ऐसे में जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 183 तक पहुंच गया है।
उधर, जिले में शुक्रवार को 740 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यहां कोरोना पॉजिटिव की संख्या 43135 तक पहुंच गई है। शुक्रवार को कोरोना संक्रमित से ज्यादा 1001 मरीजों के ठीक होने पर छुट्टी मिल गई है। इस तरह 37556 मरीज ठीक हो चुके हैं और 5396 का इलाज चल रहा है। हालात यह है कि जितनी जांच की गई है, उनमें 19.83 प्रतिशत संक्रमित मिले हैं।
-
मेडिकल कॉलेज में वेंटिलेटर खाली नहीं
बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में कोरोना के मरीजों के लिए 500 बेड की व्यवस्था की गई है। मेडिकल कॉलेज में 50 वेंटिलेटर की व्यवस्था है। जिसमें से कोई भी वेंटिलेटर खाली नहीं है। ऐसे में कोरोना के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा आईसीयू में 80 नॉन ऑक्सीजन बेड में से 75 खाली हैं। वहीं आईसीयू में ही 220 ऑक्सीजन बेड में से 6 बेड खाली हैं। आईसीयू से अलग 170 ऑक्सीजन बेड्स में से 6 बेड खाली पड़े हैं। डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि बीपीएस मेडिकल कॉलेज में कोरोना के मरीजों को नियमित रूप से ऑक्सीजन उपलब्ध करवाई जा रही है। इसमें डी-टाइप के 420 ऑक्सीजन सिलिंडर, बी-टाइप के 61 सिलिंडर व ए-टाइप के 26 सिलिंडरों की व्यवस्था की गई है। खानपुर मेडिकल कालेज में 49 ऐसे कोरोना मरीज हैं जो सामान्य ऑक्सीजन बेड और 170 मरीज है जो हाई फ्लो आक्सीजन थैरेपी बेड पर भर्ती हैं।
-
कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना व सामाजिक दूरी जरूरी
डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि जिले में लगातार कोरोना के केस मिल रहे हैं। ऐसे में लोगों को खांसी, बुखार व सांस लेने में तकलीफ होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क करके जांच करानी चाहिए। इसके अलावा लक्षण वाले मरीज मास्क का उपयोग करें और लोगों से छह फीट की दूरी बनाए रखें। खांसी होने व छींकते समय टिश्यू व रुमाल का उपयोग करें। स्वयं उपचार करने की बजाय डॉक्टर की सलाह अवश्य लें। कोरोना महामारी को देखते हुए अभी भी सतर्कता बनाए रखने की जरूरत है। लापरवाही बरतने वालों सख्ती से निपटा जाएगा। कोरोना नियमों की पालना करें। मास्क लगाकर रखे तो सामाजिक दूरी बनाकर रखे। यदि अपने आसपास कोई कोरोना संदिग्ध दिखे तो उसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर-1950 पर दी जा सकती है।