सोनीपत। कोरोना संक्रमण के दौर में मरीज के परिजनों से मनमाने रुपये वसूले जा रहे हैं। कोरोना संक्रमित को सोनीपत से पानीपत अस्पताल में ले जाने के नाम पर करीब 50 किलोमीटर के लिए 57500 रुपये वसूल लिए गए। उसके बावजूद संक्रमित को बचाया नहीं जा सका। अब संक्रमित व्यक्ति के भाई ने सिविल लाइन थाना में एंबुलेंस चालक के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सारंग रोड के रहने वाले नरेश ने पुलिस को बताया कि उनके भाई महेश को कोरोना होने पर सेक्टर-15 स्थित निजी अस्पताल में 22 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। जिस पर एक दिन बाद ही उसके भाई की हालत बिगड़ने पर दूसरे अस्पताल में ले जाने को कह दिया। जिस पर उन्होंने एंबुलेंस चालक सुरेंद्र को बुलाया। जिसमें करीब 50 किलोमीटर दूर पानीपत जाने के लिए उनसे 57500 रुपये की मांग की। उन्हें बताया गया कि एंबुलेंस में वेंटिलेटर और चिकित्सक की सुविधा रहेगी। वह पानीपत में भाई को एक अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां पर दो किमी दूर दूसरे अस्पताल तक ले जाने के लिए एंबुलेंस चालक ने सात हजार रुपये वसूल लिए। पानीपत के अस्पताल में उसके भाई की मौत हो गई। नरेश ने इसे लेकर ऑनलाइन माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री, डीसी को भी शिकायत की है। साथ ही सिविल लाइन थाना पुलिस को भी शिकायत दी है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस चालक के साथ ही निजी अस्पताल ने भी उनसे 95 हजार रुपये वसूल लिए। पुलिस ने फिलहाल मामले में एंबुलेंस चालक सुरेंद्र के खिलाफ भादसं की धारा 188 व आपदा प्रबंधन अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।